शरद कपूर के मुश्किल वक्त में साथ आया बॉलीवुड, शाहरुख-सलमान से लेकर जावेद अख्तर तक ने बढ़ाया मदद का हाथ

Sharad Kapoor: शाहरुख खान, सलमान और जावेद अख्तर ने बढ़ाया मदद का हाथ
मुंबई। अभिनेता शरद कपूर ने अपने कठिन दौर में फिल्म इंडस्ट्री से मिले सहयोग को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि शाहरुख खान, सलमान खान, सोनू सूद, जावेद अख्तर और राजपाल यादव समेत कई कलाकारों ने उनसे संपर्क किया और उनकी स्थिति के बारे में जानकारी ली। शरद ने सभी के इस व्यवहार के लिए आभार जताया है।
शरद बोले- छोटे-बड़े सभी लोगों ने किया संपर्क
वरिंदर चावला के यूट्यूब चैनल पर साझा किए गए इंटरव्यू में शरद कपूर से पूछा गया कि क्या फिल्म इंडस्ट्री के लोगों ने उनकी परेशानी के बारे में जानने के बाद उनसे संपर्क किया था।
इस पर उन्होंने बताया कि छोटे कलाकारों से लेकर बड़े सितारों तक, कई लोगों ने उनका हालचाल जाना। उन्होंने विशेष रूप से शाहरुख खान, सलमान खान, सोनू सूद, जावेद अख्तर, राजपाल यादव और अरमान कोहली का नाम लिया। शरद के मुताबिक, सभी ने जरूरत पड़ने पर मदद करने की बात कही।
सलमान और सोनू सूद के सहयोग की हुई थी चर्चा
सलमान खान और सोनू सूद की मदद को लेकर ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी पहले बयान जारी किया था। संगठन ने सलमान खान की आर्थिक सहायता और सोनू सूद की ओर से किए गए सहयोग की सराहना की थी।
एसोसिएशन के मुताबिक, सोनू सूद ने शरद से मुलाकात कर मेडिकल सहायता और एक संभावित फिल्म प्रोजेक्ट पर चर्चा की थी। इस कदम को संगठन ने मुश्किल समय में कलाकारों के साथ खड़े होने की मिसाल बताया।

वायरल वीडियो के बाद सामने आई थी परेशानी
शरद कपूर की स्थिति तब चर्चा में आई जब उनके पालतू कुत्तों से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें वह अपने चार पालतू कुत्तों को एक ट्रस्ट की देखरेख में देते नजर आए थे। इसके बाद लोगों ने उनकी सेहत और रहने की परिस्थितियों को लेकर चिंता जताई।
उनकी मित्र हेमा चौधरी ने भी अभिनेता की मदद की जरूरत पर बात की थी। शरद ने अपने इंटरव्यू में बताया कि वह इस मुश्किल दौर में भावनात्मक, मानसिक और आर्थिक सहयोग की सराहना करते हैं।
फिल्मों में वापसी की तैयारी कर रहे शरद
शरद कपूर की फिल्मी वापसी को लेकर भी अभिनेता ने उम्मीद जताई है। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल अपनी सेहत पर ध्यान दे रहे हैं और निर्देशक अहमद खान तथा रोहित शेट्टी के साथ संभावित प्रोजेक्ट्स पर बातचीत कर रहे हैं।
शरद ने उम्मीद जताई कि 2027 से वह फिर से अभिनय की दुनिया में सक्रिय हो सकते हैं। अभिनेता ‘दस्तक’, ‘जोश’, ‘खौफ’, ‘लक्ष्य’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
इंडस्ट्री के समर्थन से मिली नई उम्मीद
शरद कपूर के मुताबिक, फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से मिला प्यार और सहयोग उनके लिए काफी मायने रखता है। उन्होंने कहा कि लोग अपने काम और निजी जिम्मेदारियों में व्यस्त हो सकते हैं, लेकिन जरूरत पड़ने पर कई साथी कलाकार मदद के लिए आगे आए हैं। अब अभिनेता की नजर अपनी सेहत सुधारने और दोबारा फिल्मों में काम शुरू करने पर है।




Leave a Reply