भोपाल में भारत की विजयी शुरुआत, महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में मलेशिया को 4-1 से हराया

Bhopal Hockey: भारत ने मलेशिया को 4-1 से हराकर की विजयी शुरुआत
भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी में चल रही महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने खिताब बचाने के अभियान की शुरुआत जीत के साथ की है। गुरुवार को नाथू बरखेड़ा के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में भारत ने मलेशिया को 4-1 से शिकस्त दी। मुकाबले के पहले हाफ में स्कोर बराबर था, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए तीन और गोल कर दिए।
मलेशिया के गोल के बाद मुमताज ने दिलाई बराबरी
भारत बनाम मलेशिया महिला हॉकी मुकाबला के शुरुआती क्वार्टर में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पहले 15 मिनट में कोई भी टीम गोल नहीं कर सकी।
दूसरे क्वार्टर के 19वें मिनट में मलेशिया की नुरामिराह जुल्किफ्ली ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, भारत ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया और 20वें मिनट में मुमताज खान ने गोल कर स्कोर 1-1 कर दिया। हाफ टाइम तक मुकाबला बराबरी पर रहा।
सलीमा, पूजा और लालरेमसियामी ने दागे गोल
दूसरे हाफ में भारतीय टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। कप्तान सलीमा टेटे ने 35वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के दौरान मिले मौके को गोल में बदलकर भारत को 2-1 की बढ़त दिलाई।
इसके बाद 39वें मिनट में अंतरराष्ट्रीय हॉकी में पदार्पण कर रहीं पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल किया। इससे भारत की बढ़त 3-1 हो गई। चौथे क्वार्टर के 49वें मिनट में लालरेमसियामी ने एक और पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-1 कर दिया।

डेब्यू पर गोल, पूजा साहू को मिला प्लेयर ऑफ द मैच
पूजा साहू का अंतरराष्ट्रीय पदार्पण और प्रदर्शन इस मुकाबले की खास उपलब्धियों में रहा। उन्होंने अपने पहले ही अंतरराष्ट्रीय मैच में गोल किया और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भारत की ओर से मुमताज खान, सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी ने एक-एक गोल किया। मलेशिया की ओर से नुरामिराह जुल्किफ्ली ने गोल किया।
पहली बार अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा भोपाल
इस टूर्नामेंट के आयोजन के साथ भोपाल ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी के मेजबान शहरों में अपनी जगह बनाई है। नाथू बरखेड़ा के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उद्घाटन दिन दर्शकों की अच्छी मौजूदगी रही। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
21 नवंबर को दक्षिण कोरिया से भिड़ेगी भारतीय टीम
भारत का दक्षिण कोरिया के खिलाफ अगला मुकाबला 21 नवंबर को खेला जाएगा। 20 नवंबर को टूर्नामेंट में विश्राम दिवस है। मलेशिया के खिलाफ मिली जीत से भारतीय टीम को तीन अंक मिले हैं और अब टीम अगले मैच में भी जीत की लय बरकरार रखने के इरादे से उतरेगी।




Leave a Reply