महाकाल की नगरी में गूंजेगी रामकथा, 17 नवंबर को उज्जैन आएंगे मोरारी बापू; 900 श्रद्धालु भी पहुंचेंगे

Morari Bapu Ujjain Ram Katha: 17 नवंबर को होगा आयोजन
उज्जैन में 17 नवंबर को प्रसिद्ध संत और रामकथा वाचक मोरारी बापू की एक दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत उज्जैन पहुंच रहे मोरारी बापू के साथ करीब 900 श्रद्धालु भी दो विशेष ट्रेनों से आएंगे। कार्यक्रम के दौरान वे बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और मां शिप्रा तथा सांदीपनि आश्रम में पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को रामकथा सुनाएंगे।
सांदीपनि आश्रम के सामने तैयार हो रहा विशाल पंडाल
रामकथा के आयोजन के लिए अंकपात रोड स्थित महर्षि सांदीपनि आश्रम के सामने खाकचौक में स्थान निर्धारित किया गया है। यह स्थान धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। मान्यता है कि इसी सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण और बलराम ने गुरु से शिक्षा प्राप्त की थी।
आयोजन के लिए करीब पांच बीघा जमीन पर तैयारियां चल रही हैं। लगभग 30 हजार वर्गफीट में वाटरप्रूफ और बिना पिलर वाला डोम बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिसर में दो भोजनशालाएं भी तैयार की जा रही हैं। आयोजन के लिए एक किसान ने अपनी जमीन निःशुल्क उपलब्ध कराई है।
सुबह 7:30 बजे उज्जैन पहुंचेंगे मोरारी बापू
आयोजकों के अनुसार, मोरारी बापू 17 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे विशेष ट्रेन से उज्जैन पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 8 बजे बाबा महाकाल के दर्शन, अभिषेक और पूजन करेंगे। सुबह 8:30 बजे मां शिप्रा के दर्शन करने के बाद 9 बजे सांदीपनि आश्रम पहुंचेंगे।
इसके बाद सुबह 10 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक एक दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा समाप्त होने के बाद उनके साथ आए श्रद्धालु आयोजन स्थल पर ही भोजन करेंगे। इसके बाद विशेष ट्रेन से उनकी आगे की यात्रा शुरू होगी।

आयोजन पर खर्च होंगे करीब एक करोड़ रुपये
कार्यक्रम के संयोजक कैलाश चौहान और पुनीत नागर के अनुसार, कथा स्थल पर श्रद्धालुओं के बैठने और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। करीब 30 हजार वर्गफीट में तैयार हो रहे विशाल डोम के अलावा दो भोजनशालाएं भी बनाई जा रही हैं। आयोजकों ने पूरे एक दिवसीय आयोजन पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान जताया है। कार्यक्रम के लिए जिला कलेक्टर से अनुमति मिलने की जानकारी भी दी गई है।
2023 में भी उज्जैन आए थे मोरारी बापू
मोरारी बापू का उज्जैन से पुराना जुड़ाव रहा है। अगस्त 2023 में वे 12 ज्योतिर्लिंगों की विशेष रामकथा यात्रा ‘मानस-900’ के तहत शहर पहुंचे थे। उस समय उन्होंने बाबा महाकाल के दर्शन किए और सरस्वती स्कूल के पास रामकथा सुनाई थी। सिंहस्थ सहित अन्य धार्मिक आयोजनों में भी वे उज्जैन आ चुके हैं।
इस बार भारत स्वस्तिक यात्रा के तहत उनका उज्जैन आगमन होने जा रहा है। दो विशेष ट्रेनों से करीब 900 श्रद्धालुओं के पहुंचने की तैयारी है। आयोजन को लेकर खाकचौक में पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं का काम किया जा रहा है।




Leave a Reply